पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित डकैती गिरोह का पर्दाफाश किया है। भैरोगंज थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से हथियार, जिंदा कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि हरहा नदी के किनारे स्थित आम के बगीचे में कुछ अपराधी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर इलाके की घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे, लेकिन सभी को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, धारदार चाकू, 11,740 रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और लूट में इस्तेमाल की गई दो बाइक बरामद हुईं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का संचालन तनवीर खान करता था और उसके साथी सुनसान जगहों पर बैठकर लूट और डकैती की योजनाएं बनाते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कई सदस्यों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी और लूट जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इनके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। इस कार्रवाई का नेतृत्व रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी और बगहा एसडीपीओ निहार भूषण की टीम ने किया।