लखनऊ: प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बोलेरो कार और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के निवासी थे और संगम स्नान के लिए मेला क्षेत्र आ रहे थे।
हादसे के वक्त बस में सवार 19 श्रद्धालु भी घायल हो गए, जो संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। सभी घायलों को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया है। ये श्रद्धालु मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने दिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की है। उन्होंने घायलों के उपचार के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
हादसे का विवरण
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार रात लगभग 12 बजे प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे के मेजा थाना क्षेत्र में हुआ। डीसीपी (यमुनानगर) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि छत्तीसगढ़ से महाकुंभ में श्रद्धालुओं को लेकर आ रही कार और बस की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी मेडिकल अस्पताल भेजा गया है।
(Source – IANS)