फरीदाबाद: हरियाणा से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में एक डॉक्टर के किराए के मकान पर छापा मारते हुए लगभग 300 किलो आरडीएक्स, दो एके-47 राइफल और 84 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस को मौके से कई संदिग्ध रासायनिक पदार्थ भी मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुछ दिन पहले यूपी के सहारनपुर से अनंतनाग निवासी डॉक्टर आदिल अहमद को आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसी जांच के सिलसिले में पुलिस ने फरीदाबाद स्थित किराए के कमरे पर यह कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि कश्मीर के डॉक्टर मुजाहिल शकील ने यह कमरा किराए पर लिया था। वह खुद वहां नहीं रहता था, बल्कि केवल सामान रखने के लिए इस कमरे का इस्तेमाल करता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस को कमरे से 14 बैग मिले, जिनमें भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार रखे गए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह कमरा करीब तीन महीने पहले किराए पर लिया गया था।
रेड के दौरान मौके पर 10 से 12 पुलिस वाहन मौजूद थे। फिलहाल आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां इस मामले के चार राज्यों — जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और गुजरात — से जुड़े होने की आशंका जता रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर शकील ने मकान मालिक से कहा था कि वह केवल कुछ सामान कमरे में रखेगा। बाद में वहां कई बैग लाकर रखे गए, लेकिन किसी ने उनके अंदर झांकने की हिम्मत नहीं की। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 14 से 15 बैग बरामद किए हैं, जिनमें विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी।