मोहाली की ऑक्सीजन फैक्ट्री में भीषण धमाका, दो की मौत, तीन घायल; इलाके में मचा हड़कंप

Massive explosion in Mohali's oxygen factory, two dead, three injured; panic in the area

मोहाली (पंजाब): मोहाली जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित हाईटेक इंडस्ट्री नाम की ऑक्सीजन फैक्ट्री में मंगलवार को ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में दो लोगों – देवेंद्र और आसिफ – की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

धमाका इतना जोरदार था कि दीवारें हिल गईं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज और भयावह था कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं। फैक्ट्री की छत को भारी नुकसान हुआ और सिलेंडर के टुकड़े करीब 1 किलोमीटर दूर तक बिखरे पाए गए।

हादसे के वक्त फैक्ट्री में सिलेंडर लोडिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके की चपेट में आए पांच लोग, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है और तीन का इलाज जारी है।

DSP और SSP ने की पुष्टि, जांच जारी
DSP हरसिमरन बल ने मृतकों की पुष्टि की है। हादसे के बाद सभी सिलेंडरों को हटाया गया है ताकि आगे कोई और खतरा न हो। SSP हरमनदीप सिंह हंस, डिप्टी मेयर कुलजीत बेदी और SDM दमनप्रीत कौर मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

फैक्ट्री की पुरानी स्थिति पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री बहुत पुरानी है और ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला) के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में यहीं से ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति की जाती थी।

फिलहाल ब्लास्ट की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा हुआ है और फैक्ट्री की सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment