बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) समेत महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों में भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) गठबंधन की बड़ी जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सियासी पकड़ और मजबूत हो गई है। शहरी क्षेत्रों में इस सफलता के साथ ही फडणवीस एक प्रभावी रणनीतिकार के रूप में उभरे हैं। इसी कड़ी में मुंबई की सड़कों पर उन्हें ‘महाराष्ट्र का धुरंधर’ बताते हुए बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं।
शनिवार सुबह मालाड, कांदिवली सहित मुंबई के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ‘धुरंधर’ लिखे पोस्टर नजर आए। इन बैनर-पोस्टरों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की चुनावी जीत, नेतृत्व क्षमता और रणनीति को प्रमुखता से दर्शाया गया है। कई व्यस्त चौराहों और प्रमुख मार्गों पर विजयी उम्मीदवारों की ओर से ये पोस्टर लगाए गए हैं। मुंबई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तजिंदर सिंह तिवाना ने भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में ‘धुरंधर देवेंद्र’ वाले पोस्टर लगवाए हैं।
इससे पहले भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने देवेंद्र फडणवीस को ‘महाराष्ट्र का ब्रांड’ करार दिया था। चुनाव परिणामों के दिन बावनकुले ने कहा था कि भाजपा विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच गई थी। ‘विकसित मुंबई, विकसित महाराष्ट्र’ के संकल्प को सामने रखकर प्रचार किया गया और जनता ने उसी पर भरोसा जताया। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे चुनाव का नेतृत्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया।
निकाय चुनावों में मिली जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा,
“महानगरपालिका चुनावों में भाजपा महायुति की शानदार जीत के बाद धरमपेठ, नागपुर स्थित आवास पर मेरी मां का आशीर्वाद लिया।”
वहीं, जीत के बाद फडणवीस के परिवार ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पत्नी अमृता फडणवीस और बेटी दिविजा समेत परिवार के सदस्यों ने उन्हें विजय तिलक लगाया। इस अवसर पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार और मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम भी मौजूद रहे।