मुंबई: मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। कपिल शर्मा के कनाडा स्थित नए कैफे KAP’S CAFE पर फायरिंग की गई है। इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने ली है। फायरिंग की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें एक शख्स गाड़ी से उतरकर लगातार गोलियां चलाता दिख रहा है। हालांकि, वीडियो में उसका चेहरा नजर नहीं आ रहा, केवल हाथ और बंदूक दिखाई दे रही है।
प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, कैफे पर कई राउंड फायरिंग की गई, लेकिन अब तक किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी है और जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि हरजीत सिंह लड्डी, जो कि प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का सदस्य है और NIA की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में शामिल है, ने इस हमले को अंजाम दिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, कपिल शर्मा के किसी पुराने बयान से नाराज होकर लड्डी ने इस फायरिंग की साजिश रची।
गौरतलब है कि KAP’S CAFE कपिल शर्मा का पहला रेस्टोरेंट वेंचर है, जिसे उन्होंने अपनी पत्नी गिन्नी चतरथ के साथ मिलकर हाल ही में लॉन्च किया था। यह कैफे कनाडा में भारतीय प्रवासियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा था। इस घटना के बाद अब तक कपिल शर्मा या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।