मुंबई: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भारत दौरे पर हैं। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के राजभवन में अपने समकक्ष स्टार्मर का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की।
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में PM मोदी ने कहा, “प्राइम मिनिस्टर स्टार्मर के नेतृत्व में भारत और ब्रिटेन के रिश्तों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस साल जुलाई में मेरी ब्रिटेन यात्रा के दौरान हमने ऐतिहासिक ‘कंप्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट’ पर सहमति बनाई थी। आपके इस दौरे और साथ आए अब तक के सबसे बड़े बिजनेस डेलिगेशन से भारत-ब्रिटेन साझेदारी में नई ऊर्जा और व्यापक दृष्टि का प्रदर्शन होता है।” उन्होंने आगे कहा, “वैश्विक अस्थिरता के इस दौर में भारत और ब्रिटेन की बढ़ती साझेदारी ग्लोबल स्थिरता और आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बन रही है।”
ब्रिटिश PM स्टार्मर ने मुंबई में घोषणा की कि ब्रिटेन की 9 यूनिवर्सिटियां भारत में अपने कैंपस स्थापित करेंगी। इसके अलावा, दोनों देशों ने महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग के लिए एक ‘इंडस्ट्री गिल्ड और सप्लाई चेन ऑब्जर्वेटरी’ स्थापित करने का ऐलान किया, जिसका एक सैटेलाइट कैंपस झारखंड के धनबाद में इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स में होगा।