नीट यूजी 2026 पेपर लीक केस: सीबीआई ने कथित मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी को किया गिरफ्तार

NEET UG 2026 Paper Leak Case: CBI Arrests Alleged Mastermind PV Kulkarni
  • रिपोर्ट: स्निग्धा श्रीवास्तव

नई दिल्ली : नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीबीआई ने इस रैकेट के कथित मास्टरमाइंड के रूप में केमिस्ट्री लेक्चरर PV Kulkarni को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, पीवी कुलकर्णी लंबे समय से राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े हुए थे और उन्हें प्रश्नपत्रों तक पहुंच हासिल थी। सीबीआई का दावा है कि कुलकर्णी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में दूसरे आरोपी Manisha Waghmare की मदद से छात्रों को इकट्ठा किया था। मनीषा वाघमारे को सीबीआई ने 14 मई को गिरफ्तार किया था।

जांच में खुलासा हुआ है कि कुलकर्णी ने महाराष्ट्र के पुणे स्थित अपने घर पर चुनिंदा छात्रों के लिए विशेष कोचिंग क्लास संचालित की थी। इन क्लासों में वह छात्रों को सवाल, उनके विकल्प और सही जवाब डिक्टेट करते थे, जिन्हें छात्र अपनी नोटबुक में लिखते थे। सीबीआई का कहना है कि छात्रों द्वारा लिखे गए सवाल 3 मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा के असली प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते हैं।

पीवी कुलकर्णी महाराष्ट्र के लातूर जिले के निवासी हैं। फिलहाल उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पुणे ले जाया गया है और वहां से दिल्ली लाने की प्रक्रिया जारी है। सीबीआई के अनुसार, इस मामले में पहले जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 5 आरोपियों को 7 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के बाद दिल्ली लाया जाएगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान सीबीआई ने देशभर में कई स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। अब इनकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब लातूर में कुछ अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई कि एक कोचिंग संस्थान के मॉक टेस्ट में पूछे गए 42 सवाल नीट यूजी परीक्षा के असली पेपर से पूरी तरह मेल खाते थे। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की और बाद में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment