गांधीनगर: गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई में नई राज्य मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11 बजे गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में आयोजित होगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री को छोड़कर पूरी कैबिनेट ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई। माना जा रहा है कि यह बदलाव 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। बीजेपी इस कदम के जरिए संगठन को नए सिरे से मजबूत करना चाहती है।
सूत्रों के मुताबिक इस बार भूपेंद्र पटेल के मंत्रिमंडल में करीब 27 नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है। इनमें कुछ पुराने मंत्रियों की भी वापसी हो सकती है। पार्टी सौराष्ट्र क्षेत्र को खास तवज्जो दे सकती है, जहां आम आदमी पार्टी का प्रभाव हाल के वर्षों में बढ़ा है।
संभावित मंत्रियों में रीवाबा जाडेजा, जयेश रादडिया, जीतू वघानी, शंकर चौधरी, उदय कांगड़, अमित ठाकर, अमित पोपटलाल शाह, हीरा सोलंकी, महेश कासवाला, कौशिक वेकारिया और अर्जुन मोढवाडिया के नाम प्रमुख हैं।
इसके अलावा, मांडवी-कच्छ से अनिरुद्ध दवे, चोर्यासी से संदीप देसाई, लिंबायत से संगीता पाटिल और नडियाद से पंकज देसाई के भी मंत्री बनने की संभावना है।
विशेष बात यह है कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए अल्पेश ठाकोर, हार्दिक पटेल और सी जे चावड़ा को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है।
इस पूरे घटनाक्रम को गुजरात बीजेपी की रणनीतिक रीसेट के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें नए चेहरों के साथ चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिश की जा रही है।