नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्षों के नाम तय कर लिए हैं। इसके साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव भी जारी है।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में वर्तमान वर्किंग प्रेसिडेंट रविंद्र चव्हाण ने आज औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल किया। अब वे पूर्णकालिक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके नामांकन प्रक्रिया के लिए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
तेलंगाना
तेलंगाना में एन. रामचंद्र राव को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे कर रही हैं। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार का कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है। विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी संगठन को फिर से सशक्त बनाने की कोशिश की जा रही है।
आंध्र प्रदेश और हिमाचल प्रदेश
हिमाचल में चुनाव अधिकारी के रूप में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और आंध्र प्रदेश में भाजपा सांसद पीसी मोहन को नियुक्त किया गया है। दोनों राज्यों में आज नामांकन दाखिल किए गए हैं।
उत्तराखंड
महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
इन पांच राज्यों में अध्यक्षों के चयन के बाद भाजपा अब तक 19 राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा कर चुकी है। अगला चुनाव 2 जुलाई को मध्य प्रदेश में प्रस्तावित है, जिससे 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में संगठनात्मक ढांचा नई जिम्मेदारियों के साथ तैयार हो जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू की जाएगी।