नई दिल्ली: 20 जनवरी को BJP को मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, जारी हुआ चुनाव कार्यक्रम

New Delhi: BJP will get a new national president on January 20; election schedule released.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी की ओर से शुक्रवार को इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। नोटिफिकेशन के अनुसार, 19 जनवरी को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

फिलहाल नितिन नबीन पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन 19 जनवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को भाजपा का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

गौरतलब है कि भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। उनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे विस्तार पर बने हुए थे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर ने जारी किया चुनाव शेड्यूल
बीजेपी के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने पार्टी अध्यक्ष चुनाव का कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 19 जनवरी को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन शाम 5 बजे से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया होगी। यदि आवश्यक हुआ तो 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संपन्न होगी।

नितिन नबीन बने तो सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष
वर्तमान में 45 वर्षीय नितिन नबीन यदि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे पार्टी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।

भाजपा की नई टीम में युवाओं को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नई राष्ट्रीय टीम में लगभग 80 प्रतिशत युवाओं को शामिल किए जाने की संभावना है। हालांकि पूरी टीम के गठन में करीब छह महीने का समय लग सकता है, लेकिन महामंत्री, सचिव और अन्य प्रमुख पदों पर 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को प्राथमिकता दिए जाने की तैयारी है। अगले वर्ष होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से मजबूत किया जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment