छह बार की वर्ल्ड चैंपियन और भारत की दिग्गज बॉक्सर एमसी मैरी कॉम की निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। मैरी कॉम और उनके पूर्व पति करोंग ओंखोलेर के बीच आरोप-प्रत्यारोप की जंग तेज होती नजर आ रही है। ओंखोलेर ने मैरी कॉम पर उनके चरित्र को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि शादी के दौरान मैरी कॉम के विवाहेतर संबंध थे। यह बयान उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) को दिए एक इंटरव्यू में दिया।
जूनियर बॉक्सर और एकेडमी स्टाफ से रिश्तों का दावा
करोंग ओंखोलेर ने आरोप लगाया कि वर्ष 2013 में मैरी कॉम का एक जूनियर बॉक्सर के साथ संबंध था, जिसको लेकर उस समय दोनों परिवारों के बीच विवाद भी हुआ था। उनके अनुसार बाद में किसी तरह मामला शांत करा लिया गया। ओंखोलेर ने आगे दावा किया कि वर्ष 2017 में मैरी कॉम अपनी बॉक्सिंग एकेडमी में काम करने वाले एक व्यक्ति के साथ रिश्ते में थीं। उन्होंने कहा कि इन आरोपों के समर्थन में उनके पास उस व्यक्ति का नाम और व्हाट्सएप चैट जैसे सबूत मौजूद हैं।
मैरी कॉम के आरोपों पर जवाबी हमला
पूर्व पति के ये आरोप ऐसे समय सामने आए हैं, जब हाल ही में मैरी कॉम ने एक टीवी शो में ओंखोलेर पर गंभीर आर्थिक धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। मैरी कॉम का कहना था कि उनके पति ने उनकी जानकारी के बिना उनके नाम पर लोन लिया और धोखे से करोड़ों की संपत्ति अपने नाम कर ली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि ओंखोलेर कोई कमाई नहीं करते थे और पूरा घर उनकी आय पर ही चलता था। इन्हीं आरोपों के जवाब में अब ओंखोलेर ने मैरी कॉम के कथित अफेयर को लेकर खुलकर बयान दिया है।
‘यूज एंड थ्रो’ की तरह बाहर किए जाने का आरोप
आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों को खारिज करते हुए करोंग ओंखोलेर ने कहा कि मैरी कॉम की बॉक्सिंग एकेडमी को खड़ा करने में उनकी अहम भूमिका रही है, लेकिन अब उन्हें ‘यूज एंड थ्रो’ की तरह बाहर कर दिया गया। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन पर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है, तो उनके बैंक खातों की जांच कराई जाए, सच्चाई अपने आप सामने आ जाएगी। गौरतलब है कि मैरी कॉम और करोंग ओंखोलेर ने पिछले साल अपने तलाक की आधिकारिक पुष्टि की थी।