राजस्थान पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत 25 कांग्रेसी सांसदों को गोली मारने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को कोटा से हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में खुद को राज सिंह बताने वाला शख्स अपने आपको करणी सेना का प्रवक्ता बता रहा है और उसने हाल ही में लोकसभा में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए धमकी दी थी।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया कि लोकसभा के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान 25 कांग्रेसी सांसदों और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बीच हुई कथित नोकझोंक से कुछ लोग नाराज थे। वायरल वीडियो में आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि यदि ऐसी घटना दोबारा हुई तो सांसदों के घरों में घुसकर तोड़फोड़ की जाएगी। उसने राहुल गांधी के खिलाफ भी आपत्तिजनक और हिंसक टिप्पणी करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोटा के बोरखेड़ा थाने में हिरासत में लिया। कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि आरोपी से वीडियो के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो में आरोपी के पीछे दीवार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की तस्वीरें लगी दिखाई दे रही हैं।
हालांकि, भाजपा और करणी सेना दोनों ने आरोपी से किसी भी प्रकार के संबंध से इनकार किया है। बीजेपी कोटा शहर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि वीडियो में दिख रहे व्यक्ति का पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।