नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के ऐतिहासिक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता, भारत-पाक युद्धविराम, और आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति पर विस्तार से बात की। पीएम ने कहा कि पहलगाम में धर्म पूछकर की गई बर्बर हत्या आतंकवाद का सबसे वीभत्स चेहरा था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। इसके बाद सरकार ने सेना को पूरी छूट दी और भारत ने आतंक के अड्डों पर सटीक और निर्णायक प्रहार किए।
“आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा, हमने उनके हेडक्वार्टर उजाड़ दिए” – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “22 अप्रैल को पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की हत्या ने देश और दुनिया को दहला दिया। हमने सेना को कार्रवाई की खुली छूट दी और 6-7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में मौजूद आतंक के ठिकानों पर हमला कर उन्हें तबाह कर दिया।”
उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने वह कर दिखाया जिसकी आतंकियों ने कल्पना भी नहीं की थी। “हमारे वीर जवानों ने बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया, जिनके तार दुनिया के कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़े रहे हैं।”
भारत की मिसाइलें और ड्रोन हमले: आतंक की यूनिवर्सिटियों को तबाह किया गया
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत के हमलों में 100 से ज्यादा खूंखार आतंकवादी मारे गए, और पाकिस्तान में दशकों से खुलेआम घूम रहे आतंकी आकाओं को भी खत्म कर दिया गया।
उन्होंने कहा, “पाकिस्तान जब भारत पर हमला करने की कोशिश कर रहा था, तब भारत ने सीधा उसके सीने पर वार किया। पाकिस्तान की मिसाइलें और ड्रोन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम के सामने तिनके की तरह बिखर गए।”
पाकिस्तान ने युद्धविराम की गुहार लगाई, भारत ने फिलहाल कार्रवाई रोकी
पीएम ने बताया कि 10 मई को पाकिस्तानी सेना ने भारत से युद्धविराम की अपील की। तब तक भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को पूरी तरह तबाह कर दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने अपनी जवाबी कार्रवाई केवल स्थगित की है, समाप्त नहीं।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ बना आतंक के खिलाफ भारत की नई नीति का प्रतीक
प्रधानमंत्री मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की नई नीति की घोषणा बताते हुए तीन स्पष्ट संदेश दिए:
- भारत पर आतंकी हमला होगा, तो सटीक और निर्णायक जवाब मिलेगा।
- न्यूक्लियर ब्लैकमेल अब नहीं चलेगा।
- आतंकी संगठनों और उन्हें समर्थन देने वाली सरकारों में कोई फर्क नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर स्टेट स्पॉन्सर्ड टेरेरिज्म के खिलाफ भारत का स्पष्ट जवाब है। आतंक और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते, और टेरेरिज्म व ट्रेड एक साथ नहीं हो सकते।”
“21वीं सदी के युद्ध में ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों की श्रेष्ठता साबित”
पीएम ने कहा कि इस ऑपरेशन में भारत के स्वदेशी हथियारों ने शानदार प्रदर्शन किया और दुनिया को बताया कि भारत आधुनिक युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है।
“शांति का मार्ग शक्ति से होकर जाता है”
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पीएम मोदी ने कहा, “भगवान बुद्ध ने शांति का मार्ग दिखाया, लेकिन ये मार्ग शक्ति से होकर जाता है। भारत की एकता, साहस, और संकल्प ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस ही एक बेहतर विश्व की गारंटी है।”
समापन में पीएम का संदेश
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा, “आज का भारत निर्णायक है, शक्तिशाली है, और आतंक के खिलाफ खड़ा है। मैं भारत की सेनाओं को, हर भारतवासी को नमन करता हूं।”
यह भाषण भारत की आतंक के खिलाफ नीति में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां जवाब सिर्फ शब्दों का नहीं, बल्कि सटीक कार्रवाई का है।