नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मविश्वास को बताया विकसित भारत की बुनियाद

New Delhi: Prime Minister Modi said self-confidence is the foundation of a developed India.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आत्मविश्वास वह शक्ति है, जो हर लक्ष्य को हासिल करना संभव बनाती है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह विचार साझा किए।

प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ ही घंटे पहले भारत और अमेरिका के बीच एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति जताई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर हिंदी में लिखा कि आत्मविश्वास के बल पर ही हर लक्ष्य संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों में यही आत्मविश्वास विकसित भारत के सपने को साकार करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। अपने संदेश के साथ प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें धन के सदुपयोग और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया है। श्लोक का भावार्थ है कि धन नेक कार्यों से अर्जित होता है, साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कौशल व दक्षता से स्थिर रहता है और अनुशासन के साथ सुरक्षित रहकर देश की प्रगति में योगदान देता है।

इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते की जानकारी दी थी। ट्रम्प ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को अपना करीबी मित्र बताते हुए कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच आपसी मित्रता और सम्मान के आधार पर हुआ है।

ट्रम्प ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आग्रह पर भारत पर लगाए गए पारस्परिक शुल्क को कम करने का निर्णय लिया गया। ट्रम्प की पोस्ट के बाद देर रात तक भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी, हालांकि प्रधानमंत्री मोदी के संदेश से दोनों नेताओं के बीच बातचीत और सहमति की पुष्टि होती है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment