नई दिल्ली: उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी का कहर जारी, दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट

New Delhi: Scorching heat continues to wreak havoc in North India, heavy rain alert in South

नई दिल्ली: देश के कई हिस्से इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के राज्यों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो अब तक के उच्चतम तापमानों में से एक है। वहीं, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन हीटवेव के चलते महसूस तापमान 50 डिग्री तक जा पहुंचा।

दिल्ली में रेड अलर्ट जारी, जल्द मिल सकती है राहत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। आज भी तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

इससे 14 से 17 जून के बीच तापमान में गिरावट आएगी और पारा 37 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। यदि स्थिति में सुधार होता है, तो रेड अलर्ट को ऑरेंज अलर्ट में बदला जा सकता है।

इन राज्यों में लू का कहर अगले 3-4 दिन
IMD के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहेगा। इनमें से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट लागू किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री से पार हो चुका है। हालांकि, मौसम विभाग ने 15 जून से अच्छी बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का खतरा
दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक में 50–70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं, तमिलनाडु के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

सलाह: सावधानी बरतें
IMD ने लोगों से अपील की है कि गर्मी से बचाव के उपाय करें, जैसे घर से बाहर निकलते समय ढककर निकलना, खूब पानी पीना और धूप में लंबा समय न बिताना। वहीं, बारिश प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और तेज हवाओं से सावधानी बरतने की भी सलाह दी गई है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment