नई दिल्ली: अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एक सिख युवक की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई। युवक सड़क पर तलवार लहराता नजर आया, जिसे पुलिस ने खतरनाक मानते हुए गोली मार दी। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर अब विवाद गहराता जा रहा है।
स्थानीय सिख समुदाय का कहना है कि गुरप्रीत कोई हमला नहीं कर रहा था, बल्कि वह पारंपरिक ‘गतका’ (सिख मार्शल आर्ट) का अभ्यास कर रहा था। वहीं, पुलिस ने उसे सड़क पर लोगों को धारदार हथियार से डराने वाला व्यक्ति बताया है।
पुलिस का दावा: चेतावनी दी, नहीं माना आदेश
लॉस एंजेलिस पुलिस विभाग (LAPD) के मुताबिक, घटना 13 जुलाई की सुबह हुई थी। गुरप्रीत को डाउनटाउन LA में क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना के पास देखा गया, जहां वह तलवारनुमा हथियार लेकर लोगों को धमका रहा था।
पुलिस का कहना है कि उन्होंने गुरप्रीत को कई बार हथियार फेंकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने आदेश नहीं माने। जब वह पुलिस की ओर बढ़ा और हमला करने की कोशिश की, तब उस पर गोली चलाई गई। गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
बॉडीकैम वीडियो से बढ़ा विवाद
हाल ही में LAPD ने इस घटना का बॉडीकैम फुटेज जारी किया है, जिसके बाद मामला और गरमाया है। वीडियो में युवक को तलवार के साथ सड़क पर घूमते देखा जा सकता है, और पुलिस को उस पर कार्रवाई करते हुए भी दिखाया गया है।
वहीं, सिख समुदाय ने इस कार्रवाई को ‘अत्यधिक बल प्रयोग’ बताया है और मांग की है कि मामले की स्वतंत्र जांच हो। समुदाय का कहना है कि गुरप्रीत पर हमला नहीं करना चाहिए था, क्योंकि वह सांस्कृतिक अभ्यास कर रहा था, न कि किसी को नुकसान पहुंचा रहा था।