नई दिल्ली – अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। अफगान राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को दावा किया कि अफगान सेना ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर जवाबी कार्रवाई करते हुए कम से कम 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। मंत्रालय के अनुसार, इस कार्रवाई में 19 चौकियों और दो सैन्य ठिकानों पर भी कब्जा कर लिया गया है।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि अफगान एयरफोर्स ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एयर स्ट्राइक की। मंत्रालय के मुताबिक, नेशनल मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस से संबद्ध वायुसेना ने सुबह करीब 11 बजे यह कार्रवाई की। रिपोर्टों के अनुसार, इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके के पास एक सैन्य कैंप को निशाना बनाया गया।
इसके अलावा, अफगान एयरफोर्स ने नौशेरा में स्थित आर्मी बैरक, जमरूद की मिलिट्री साइट और एबटाबाद के सैन्य प्रतिष्ठानों को भी टारगेट करने का दावा किया है।
गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान द्वारा अफगान क्षेत्र में हमले किए जाने की खबरें सामने आई थीं। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार का कहना है कि यह कार्रवाई गुरुवार रात अफगान इलाके में हुए पाकिस्तानी हमलों के जवाब में की गई, जिनमें महिलाओं और बच्चों की मौत हुई थी।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अफगान सेना के जवाबी ऑपरेशन में डूरंड लाइन के पार पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिशा में स्थित पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की चौकियों को निशाना बनाया गया। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।