नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में नई सरकार का गठन हो गया है। रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान रेखा गुप्ता के साथ-साथ छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सत्ता में वापसी हुई है। रेखा गुप्ता दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री बन गई हैं। इससे पहले, बुधवार शाम को भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर सहमति बनी थी।
शपथ ग्रहण में शामिल हुए विशिष्ट लोग
रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे।
कौन बने मंत्री?
प्रवेश वर्मा
आशीष सूद
पंकज सिंह
मनजिंदर सिंह सिरसा
कपिल मिश्रा
रविंद्र इंद्राज
दिल्ली की BJP की चौथी सीएम बनीं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की चौथी मुख्यमंत्री हैं। इससे पहले मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज दिल्ली में भाजपा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। शपथ ग्रहण के साथ ही रेखा गुप्ता BJP शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।
बीजेपी ने प्रचंड बहुमत से हासिल की सत्ता
भारतीय जनता पार्टी ने 5 फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव में 70 में से 48 सीटें जीतकर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के एक दशक लंबे शासन को समाप्त कर दिया। बीजेपी ने आखिरी बार 1993-98 में दिल्ली में सत्ता हासिल की थी। इस बार भी कांग्रेस का खाता नहीं खुल सका।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता ने हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से जीत हासिल की। रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनीं और मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया। शालीमार बाग सीट पर उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था।
रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद के नंदगढ़ गांव में हुआ था। जन्म के दो साल बाद उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया, जब उनके पिता की नौकरी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के तौर पर लगी। रेखा गुप्ता की पढ़ाई दिल्ली में हुई और उन्होंने ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) से जुड़कर राजनीति में सक्रियता शुरू की। रेखा गुप्ता ने LLB की पढ़ाई भी की है। वे 2007 में दिल्ली के पीतमपुरा (उत्तर) की काउंसलर बनीं और दिल्ली बीजेपी महिला मोर्चा की जनरल सेक्रेटरी भी रह चुकी हैं। 2004 से 2006 तक वे भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव रही हैं।
रेखा गुप्ता वैश्य समुदाय से आती हैं, जिसकी अच्छी खासी तादाद दिल्ली में है। वैश्य समुदाय को भाजपा का कोर वोटर माना जाता है।