बेतिया/चनपटिया(चौथी वाणी)जिला के चनपटिया थाना क्षेत्र के भंगहा गांव में मंगलवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया। एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की नहर में मौत हो गई, जबकि उनकी मां ललिता देवी जीवित बच गईं। घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है, वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार भंगहा गांव निवासी लोरिक यादव के पुत्र रामबाबू यादव, उनकी पत्नी ललिता देवी और तीन बच्चों के साथ नहर से जुड़ी घटना सामने आई। बाद में छह वर्षीय पुत्री, पांच वर्षीय पुत्र तथा सात माह के शिशु का शव नहर से बरामद किया गया। दूसरी ओर ललिता देवी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहीं और अपने मायके सरिसवा के बरवा बिरवा गांव पहुंच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ नहर किनारे जुट गई। तीनों बच्चों के शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। इस बीच रामबाबू यादव भी बरवा बिरवा गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
एक परिवार, तीन मौतें और कई सवाल; चंपारण की इस त्रासदी का सच तलाश रही पुलिस