नई दिल्ली: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने एक बार फिर विवादित और भड़काऊ बयान देकर भारत के खिलाफ अपने नापाक इरादे जाहिर किए हैं। पाकिस्तानी समा टीवी को दिए साक्षात्कार में उन्होंने दावा किया कि “इतिहास में औरंगजेब के शासन को छोड़कर भारत कभी एकजुट राष्ट्र नहीं रहा।” साथ ही, उन्होंने भारत के साथ युद्ध की संभावना को भी खारिज नहीं किया।
ख्वाजा आसिफ ने कहा, “पाकिस्तान अल्लाह के नाम पर बना था। हम घर में भले ही बहस और प्रतिस्पर्धा करें, लेकिन भारत के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हो जाते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मैं तनाव बढ़ाना नहीं चाहता, लेकिन युद्ध का जोखिम वास्तविक है और मैं इससे इनकार नहीं करता। अगर युद्ध हुआ, तो इंशाअल्लाह हम पहले से बेहतर परिणाम हासिल करेंगे।”
इस बयान से साफ है कि पाकिस्तान भारत के साथ तनाव को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। माना जा रहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान भारत की जवाबी कार्रवाई से डरा हुआ है। पिछले हफ्ते भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा था, “या तो आतंकवाद का समर्थन बंद करें, या अपनी भौगोलिक उपस्थिति खोने के लिए तैयार रहें। इस बार भारत पूरी तरह तैयार है। हम ऑपरेशन सिंदूर 1.0 जैसा संयम नहीं दिखाएंगे। हमारी कार्रवाई ऐसी होगी कि पाकिस्तान को अपने अस्तित्व पर सवाल उठाना पड़ेगा।”
ख्वाजा आसिफ का यह बयान न केवल ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करता है, बल्कि क्षेत्रीय शांति के लिए भी खतरा पैदा करता है। भारत ने हमेशा शांति की वकालत की है, लेकिन पाकिस्तान के इस तरह के उकसावे वाले बयानों से दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ सकता है।