नई दिल्ली: भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर पाकिस्तान भले ही दुनिया के सामने नुकसान न होने का दावा कर रहा हो, लेकिन अब उसका यह झूठ एक बार फिर सामने आ गया है। पाकिस्तान के ही पूर्व एयर मार्शल (रिटायर्ड) मसूद अख्तर ने खुलासा किया है कि भारत की एयर स्ट्राइक में पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है।
एक टीवी इंटरव्यू में मसूद अख्तर ने कैमरे पर स्वीकार किया कि 10 मई की सुबह भारत ने एयरबेस पर हमला किया था। उन्होंने बताया, “उस बेस के ऊपर चार ब्रह्मोस मिसाइलें आईं। पायलट पहले दौड़े कि अपने जहाजों को बचाएं।” उन्होंने यह तो स्पष्ट नहीं किया कि मिसाइलें सतह से दागी गई थीं या हवा से, लेकिन उन्होंने कहा कि ये ब्रह्मोस मिसाइलें थीं।
मसूद अख्तर ने बताया कि चौथी मिसाइल भोलारी एयरबेस पर खड़े एक हैंगर को निशाना बनाकर गिरी, जहां पाकिस्तान का एडल्टेड एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (AWACS) एयरक्राफ्ट खड़ा था। इस हमले में वह विमान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे पाकिस्तान के झूठे दावों की पोल खुल गई है।
— Yashtthakur (@Yashtthakur3) May 15, 2025
AWACS विमान एक हाईटेक सिस्टम होता है, जो दुश्मन के विमान, जहाज, वाहन, मिसाइल और अन्य संभावित खतरे को दूर से ही ट्रैक करने की क्षमता रखता है। यह युद्ध में एक रणनीतिक बढ़त देने वाला सिस्टम माना जाता है।
भारत ने यह कार्रवाई 6-7 मई की रात को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की थी। इस हमले में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसमें लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों के ठिकाने तबाह किए गए थे और 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए थे।
इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए, जिसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान के एयरबेस और रडार स्टेशनों पर सफलतापूर्वक जवाबी हमला किया।
इस खुलासे के बाद एक बार फिर साफ हो गया है कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंच पर झूठे दावे करके सच्चाई को छुपाने की कोशिश कर रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।