पटना: बिहार में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश अध्यक्ष की कमान संजय सरावगी को सौंप दी है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने दरभंगा से पांच बार के विधायक और वरिष्ठ नेता संजय सरावगी को बिहार भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने औपचारिक पत्र जारी कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के बाद तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को नई सरकार में मंत्री बनाया गया था। भाजपा में ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के तहत मंत्री बनने के बाद उनके स्थान पर नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश की जा रही थी। अब पार्टी ने संगठनात्मक अनुभव और जमीनी पकड़ को देखते हुए संजय सरावगी पर भरोसा जताया है। सरावगी को संगठन के सुलझे हुए और कार्यकर्ताओं से जुड़े नेता के रूप में जाना जाता है, जो छात्र राजनीति के दौर से ही संघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़े रहे हैं।
संजय सरावगी का राजनीतिक सफर काफी अनुभवपूर्ण रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की और वर्ष 1995 में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ली। वर्ष 2003 में वे दरभंगा नगर निगम से वार्ड पार्षद चुने गए। इसके बाद 2005 में पहली बार विधायक बने और 2010, 2015, 2020 तथा हालिया 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की। 2025 के चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उमेश सहनी को बड़े अंतर से पराजित कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया।
मिथिला विश्वविद्यालय से एम.कॉम और एमबीए की डिग्री हासिल कर चुके संजय सरावगी अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बिहार में पार्टी संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।