Patna Crime News: पटना में 1.151 किलो स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो महिलाएं भी शामिल

Patna Crime News: Three smugglers arrested in Patna with 1.151 kg of smack; two women among them

पटना : पटना पुलिस ने राजधानी से सटे बिहटा और नेउरा इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.151 किलोग्राम स्मैक के साथ दो महिलाओं समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1715 पुड़िया स्मैक, एक ऑटो और 4,298 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि नेउरा थाना क्षेत्र में एक ऑटो के जरिए स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 दानापुर के नेतृत्व में नेउरा थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम का गठन किया गया। इसके बाद मधुपुर पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया।

तलाशी में मिली 1715 पुड़िया स्मैक

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली। जांच में ऑटो सवार दोनों महिलाओं के पास से पांच पॉलीथिन में रखी 1715 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। जब्त किए गए मादक पदार्थ का कुल वजन 1.151 किलोग्राम बताया गया है। इसके बाद ऑटो चालक समेत तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोमा कुमारी (20 वर्ष), खुशी कुमारी (21 वर्ष) और मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों महिला आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बरामद स्मैक की बड़ी खेप को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर स्थानीय स्तर पर बेचने की तैयारी थी। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और मादक पदार्थ के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में नेउरा थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment