पटना: रोहिणी आचार्य ने किडनी दान की अफवाहों पर दी तीखी प्रतिक्रिया, विरोधियों को दी चुनौती

Patna: Rohini Acharya reacts sharply to kidney donation rumours, challenges opponents

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी और सारण से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रोहिणी आचार्य ने अपने पिता को किडनी दान करने की अफवाहों पर पहली बार कड़ा रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार से नाराज रोहिणी ने अपने विरोधियों को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई साबित कर दे कि उन्होंने अपने पिता को किडनी नहीं दी, तो वह राजनीति और सार्वजनिक जीवन से हमेशा के लिए संन्यास ले लेंगी।

बुधवार को जारी एक बयान में रोहिणी ने कहा, “मैं उन सभी लोगों को चुनौती देती हूं जो गंदी सोच रखते हैं या दुष्प्रचार फैला रहे हैं। अगर कोई यह साबित कर दे कि मैंने अपने पिता को किडनी नहीं दी या मैंने अपने लिए कुछ मांगा, तो मैं तुरंत राजनीति और सार्वजनिक जीवन छोड़ दूंगी।”

उन्होंने आगे कहा, “यदि आरोप लगाने वाले अपने झूठ को साबित नहीं कर पाते, तो उन्हें देश की हर मां, बहन और बेटी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और भविष्य में किसी भी महिला के खिलाफ अपमानजनक बातें न फैलाने का वचन देना चाहिए।”

यह पहली बार नहीं है जब रोहिणी ने इन अफवाहों का जवाब दिया है। इससे पहले 21 सितंबर को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इन अफवाहों को उनकी छवि खराब करने की साजिश करार दिया था। उन्होंने लिखा, “मेरे खिलाफ फैलाई जा रही अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं। मेरी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है, न पहले थी, न अब है और न ही भविष्य में होगी।”

रोहिणी ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया था कि उन्हें न तो विधायक बनना है, न ही राज्यसभा की सदस्यता चाहिए और न ही किसी सरकारी पद की इच्छा है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए मेरा आत्म-सम्मान, मेरे माता-पिता के प्रति मेरा समर्पण और मेरे परिवार की प्रतिष्ठा ही सबसे महत्वपूर्ण है।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment