पटना से इस वक्त की बड़ी खबर छात्र संघ चुनाव को लेकर सामने आ रही है। Patna University प्रशासन ने 2025-26 सत्र के छात्र संघ चुनाव को फिलहाल स्थगित कर दिया है। 28 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मतदान अब अगले आदेश तक नहीं होगा।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि बीते कुछ दिनों में कैंपस में कई अप्रत्याशित और अमर्यादित घटनाएं सामने आईं। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन, बिना अनुमति परिसर में प्रवेश, नारेबाजी और शिक्षकों व विश्वविद्यालय पदाधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार जैसी घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, पटना वीमेंस कॉलेज में छात्रों के एक समूह ने बिना अनुमति प्रवेश कर नारेबाजी की। साथ ही चुनाव प्रचार के दौरान छपे हुए बैनर-पोस्टर का इस्तेमाल, महंगी चार पहिया गाड़ियों का उपयोग और तय समय से पहले प्रचार शुरू करने जैसे आचार संहिता उल्लंघन के मामले सामने आए। 21 फरवरी 2026 को पटना साइंस कॉलेज में भी एक कक्षा में घुसकर शिक्षक और विश्वविद्यालय अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किए जाने की घटना हुई। इन सभी घटनाओं के मद्देनज़र चुनाव को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने इस आदेश की प्रतिलिपि महामहिम राज्यपाल के प्रधान सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव व निदेशक, सभी संकायाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों, कुलानुशासक, मुख्य चुनाव पदाधिकारी समेत संबंधित पदाधिकारियों को भेज दी है।
इधर, चुनाव स्थगन से ठीक पहले All India Students Association (AISA) ने अपने केंद्रीय पैनल के प्रत्याशियों की घोषणा की थी। संगठन ने अध्यक्ष पद के लिए सबा आफरीन, महासचिव पद के लिए अदिति सिंह और उपाध्यक्ष पद के लिए विवेक सिंह को मैदान में उतारा था। प्रेस वार्ता में प्रत्याशियों ने छात्रों से समर्थन की अपील करते हुए कैंपस का माहौल बेहतर बनाने का वादा किया था।
अध्यक्ष पद की उम्मीदवार सबा आफरीन ने छात्राओं की सुरक्षा, यौन उत्पीड़न, फीस वृद्धि और सामाजिक असुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुख बताया था। महासचिव पद की उम्मीदवार अदिति सिंह ने विश्वविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं और हॉस्टल की कमी पर सवाल उठाए थे। वहीं उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार विवेक सिंह ने बेहतर शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण के साथ हॉस्टल और कॉलेज व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का भरोसा दिलाया था।
हालांकि इन घोषणाओं और वादों के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले से फिलहाल छात्र संघ चुनाव की प्रक्रिया पर विराम लग गया है।