नई दिल्ली : देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी की गई। पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे आम जनता और खासकर मध्यम वर्ग की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
कीमतों में ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपए से बढ़कर 102.12 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 92.49 रुपए से बढ़कर 95.20 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
बताया जा रहा है कि बीते 10 दिनों में लगातार चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से यात्रियों, परिवहन क्षेत्र और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इससे पहले 23 मई को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर घरेलू बाजार पर पड़ रहा है। वहीं, 15 मई से ही सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण बढ़ी ऊर्जा कीमतों का असर धीरे-धीरे उपभोक्ताओं पर डालना शुरू कर दिया था।