नई दिल्ली/कोयंबटूर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित एक कार्यक्रम से देशभर के लगभग 9 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 21वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी।
प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद मौके पर मौजूद हजारों किसानों व जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।
पीएम-किसान योजना देश की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) योजनाओं में से एक है, जिसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता तीन समान किस्तों में दी जाती है। यह योजना 24 फरवरी 2019 को शुरू हुई थी। अब तक 20 किस्तों के जरिए 11 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को 3.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है।
योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों का भूमि रिकॉर्ड पीएम-किसान पोर्टल पर दर्ज होना, बैंक खाता आधार से लिंक होना और ई-केवाईसी पूरा होना जरूरी है। योजना में महिलाओं को विशेष ध्यान दिया गया है और 25 प्रतिशत से अधिक राशि महिला लाभार्थियों को मिल रही है।
डिजिटल इंडिया की ताकत का इस्तेमाल करते हुए इस योजना ने बिचौलियों को पूरी तरह खत्म कर दिया है। आधार आधारित भुगतान प्रणाली और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से दूर-दराज के गांवों तक भी सहायता बिना किसी रुकावट के पहुंच रही है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि लेन-देन भी पूरी तरह सुरक्षित और तेज हो गया है।
बुधवार को जारी होने वाली 21वीं किस्त से लाखों किसानों को दीपावली के ठीक बाद बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।