भोजपुर: भोजपुर जिले में पुलिस, खनन और परिवहन विभाग के अधिकारियों की कथित मनमानी से ट्रक मालिकों में नाराजगी बढ़ गई है। 9 मार्च की देर शाम भोजपुर पुलिस द्वारा कई ट्रकों का चालान काटे जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। ट्रक मालिकों का आरोप है कि पुलिस ने 500 रुपये रिश्वत नहीं देने पर 5-5 हजार रुपये का चालान कर दिया।
भोजपुर जिला ट्रक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से लेकर भोजपुर के डीएम और एसपी तक लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में भोजपुर पुलिस के एक दारोगा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अजय यादव के अनुसार, 9 मार्च की रात करीब 9 बजकर 14 मिनट पर एक खाली ट्रक गुजर रहा था। इसी दौरान गजराजगंज थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे दारोगा ने ट्रक चालक से 500 रुपये की मांग की। चालक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दारोगा ने गलत साइड में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए 5,000 रुपये का चालान काट दिया।
अजय यादव, जिनकी गाड़ी का चालान किया गया है, का कहना है कि ट्रक सही लेन में चल रहा था और कोई नियम नहीं तोड़ा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर पुलिस अधिकारी ने मनमाने ढंग से चालान कर दिया।
इस घटना के बाद ट्रक एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय यादव ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करते हुए जांच की मांग की और दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया। शिकायत के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद भोजपुर के एएसपी मौके पर पहुंचे और संबंधित दारोगा से पूछताछ की। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।