पटना: सिविल कोर्ट में सोमवार को पेशी के लिए लाया गया कैदी सुरेंद्र कुमार उर्फ छोटू पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सुरेंद्र नवादा जिले का निवासी है और चोरी के एक मामले में पिछले छह महीने से बेऊर जेल में बंद था।
सूत्रों के अनुसार, सुरेंद्र को ACJM-4 कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। कोर्ट परिसर पहुंचते ही उसने कैदी वैन के पास चप्पल उतारी और हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। इस घटना से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
फरारी के बाद पुलिस ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरेंद्र को लेकर आए सिपाही ने पीरबहोर थाने में आवेदन दिया है। टाउन ASP-1 मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 18 जून को एक अन्य कैदी विकास, जो पालीगंज का निवासी था, कोर्ट से शौचालय के बहाने फरार हो गया था। उसने बाथरूम की खिड़की की ग्रिल तोड़ दी और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर भाग निकला। उस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है और अब सुरेंद्र की फरारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीरबहोर थाना पुलिस दोनों मामलों की छानबीन में जुटी हुई है।