नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ के अपने दावों को चुनाव आयोग द्वारा खारिज किए जाने के बावजूद अपने आरोपों को फिर दोहराया है। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे आयोग की कथित गड़बड़ियों को उजागर करते रहेंगे और देश के युवाओं, खासकर जेन जेड पीढ़ी, को बताएंगे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “चुनाव की चोरी करके” प्रधानमंत्री बने हैं। राहुल गांधी ने कहा, “हमारी प्रक्रिया रुकी नहीं है, यह जारी है।”
राहुल गांधी ने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा, “सिंपल सी बात है — मैंने प्रेजेंटेशन में दिखाया कि हरियाणा का चुनाव असल में चुनाव था ही नहीं, वह तो होलसेल चोरी थी। मैंने जो आरोप लगाए, उन पर न तो चुनाव आयोग ने जवाब दिया और न ही भाजपा ने, लेकिन मेरे आरोपों को किसी ने नकारा भी नहीं।”
उन्होंने आगे कहा, “सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और इलेक्शन कमिशन मिलकर संविधान पर हमला कर रहे हैं। संविधान कहता है — ‘वन मैन, वन वोट’, लेकिन हरियाणा में ऐसा नहीं हुआ।”
हरियाणा का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने कहा, “वहां एक ब्राजील की महिला के नाम से वोटर आईडी बनाई गई। एक बूथ पर 200 वोटर कार्ड्स में एक ही महिला की तस्वीर लगी थी। अब तक यह जवाब नहीं मिला कि ब्राजील की महिला की फोटो उन कार्ड्स में कैसे आई।”
बिहार में बढ़े वोटिंग प्रतिशत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “हमारे पास बहुत सारे सबूत हैं, और हमारी जांच जारी रहेगी। हम जेन जेड को दिखाते रहेंगे कि नरेंद्र मोदी चुनाव चोरी करके प्रधानमंत्री बने हैं।” राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा की तरह बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी चुनावी गड़बड़ियां हुई थीं।