राजा रघुवंशी हत्याकांड: गाजीपुर के ढाबे पर रोती मिलीं सोनम, मालिक ने बताया पूरी घटना, मेघालय पुलिस ने बताया मास्टरमाइंड

Raja Raghuvanshi murder case: Sonam found crying at a dhaba in Ghazipur, owner told the whole incident, Meghalaya police called him the mastermind

गाजीपुर/मेघालय/इंदौर: चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक नया मोड़ तब आया, जब राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी गाजीपुर के काशी ढाबे पर रविवार-सोमवार की रात बदहवास हालत में मिलीं। ढाबा मालिक साहिल यादव ने पूरी घटना का विवरण मीडिया से साझा किया।

ढाबे पर रोती-बिलखती पहुंची सोनम, मांगा फोन
साहिल यादव ने बताया कि रात करीब 1 बजे सोनम पैदल उनके ढाबे पर पहुंची और अपने परिवार से बात करने के लिए फोन मांगा। जैसे ही उसने अपने भाई गोविंद से बात की, वह फूट-फूटकर रोने लगी। साहिल ने कहा, “वो इतनी बदहाल थी कि ठीक से बात भी नहीं कर पा रही थी। मैंने उसे पानी दिया और आराम करने को कहा। फिर उसके परिवार से संपर्क कर उन्हें सूचना दी।”

पुलिस को दी गई जानकारी, फिर हुई गिरफ्तारी
परिवार से बातचीत के बाद सोनम के भाई ने पुलिस को सूचना देने को कहा, जिसके बाद गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सोनम को हिरासत में लिया। सोनम ने पुलिस को बताया कि उसकी हाल ही में शादी हुई थी और वह पति के साथ हनीमून पर मेघालय गई थी। रास्ते में गहना चोरी की घटना के दौरान हुए संघर्ष में राजा की मौत हो गई। उसने यह भी कहा कि उसे नहीं पता कि वह गाजीपुर कैसे पहुंच गई।

मेघालय पुलिस का दावा – सोनम ही हत्याकांड की मास्टरमाइंड
वहीं, मेघालय पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में सोनम को ही हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड माना जा रहा है।

राजा के भाई का बयान – हम भी पूछना चाहते हैं सोनम से
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “सोनम के इस मामले में शामिल होने की खबर ने हमें चौंका दिया है। अब तक हम उसकी तलाश कर रहे थे और अब जब वह मिल गई है, तो हम जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसा क्यों किया?” उन्होंने मांग की कि जब सोनम को मेघालय ले जाकर पूछताछ की जाए, तो परिवार को भी बुलाया जाए।

केस में आया नया मोड़, जांच में जुटी पुलिस
अब यह मामला एक गंभीर आपराधिक साजिश की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस सोनम के बयान और घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।

इस सनसनीखेज हत्याकांड ने न सिर्फ इंदौर और मेघालय, बल्कि पूरे देश का ध्यान खींचा है। अब सबकी निगाहें सोनम की पूछताछ और पुलिस जांच की अगली कड़ी पर टिकी हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment