मुंबई: बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा अपनी हालिया सफल फिल्म ‘जाट’ की कामयाबी के बाद अब एक और बड़े और देशभक्ति से भरे प्रोजेक्ट पर काम करने जा रहे हैं। उन्होंने सेना के बहादुर मिशन पर आधारित किताब ‘ऑपरेशन खुकरी’ के फिल्म राइट्स खरीद लिए हैं। रणदीप इस फिल्म में न सिर्फ लीड रोल निभाएंगे बल्कि इसका निर्माण भी खुद करेंगे।
रणदीप हुड्डा ने कहा, “ऑपरेशन खुकरी की कहानी ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया है। ये सिर्फ एक मिशन की नहीं, बल्कि बलिदान, भाईचारे और अडिग हिम्मत की कहानी है।” उन्होंने बताया कि इस फिल्म के माध्यम से भारतीय सेना की एक ऐसी सच्ची घटना को सामने लाया जाएगा, जिसे आज भी बहुत कम लोग जानते हैं।
क्या है ‘ऑपरेशन खुकरी’?
साल 2000 में पश्चिमी अफ्रीकी देश सिएरा लियोन में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत तैनात 233 भारतीय सैनिकों को वहां के बागी लड़ाकों ने बंधक बना लिया था। इस संकट से उन्हें बाहर निकालने के लिए भारतीय सेना ने एक बेहद साहसिक और जोखिमभरा मिशन चलाया था। इस मिशन का नेतृत्व कर रहे थे मेजर जनरल राजपाल पुनिया, जिन्होंने 75 दिनों की घेराबंदी के बाद अपने जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अब रणदीप हुड्डा इसी मिशन पर फिल्म बनाने जा रहे हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन खुकरी: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द इंडियन आर्मी’ नामक किताब के आधिकारिक राइट्स लिए हैं, जिसे मेजर जनरल राजपाल पुनिया और दामिनी पुनिया ने लिखा है।
रणदीप ने आगे कहा, “मेजर जनरल पुनिया का किरदार निभाना मेरे लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। हमारा उद्देश्य भारतीय सेना के उस गौरवशाली अध्याय को लोगों के सामने लाना है, जिसे आज तक उतनी पहचान नहीं मिल सकी। ये फिल्म हर भारतीय के दिल को छुएगी और सेना के अदम्य साहस की मिसाल पेश करेगी।”
यह फिल्म एक मेगा मिलिट्री ड्रामा होगी, जिसमें भारतीय सेना के शौर्य, रणनीति और मानवीय जज्बे को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा। रणदीप हुड्डा की इस पहल को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह है, और उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म देशभक्ति से भरपूर एक यादगार सिनेमाई अनुभव साबित होगी।