नई दिल्ली: सड़क परिवहन मंत्रालय ने एक बार फिर वाहनों की मैन्युअल फिटनेस जांच शुरू करने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय परिवहन विभाग के आग्रह पर लिया गया है। जिन जिलों में स्वचालित परीक्षण केंद्र (एटीएस) अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं, वहां तय अवधि के लिए मोटर वाहन निरीक्षकों (एमवीआई) को दोबारा फिटनेस जांच का अधिकार दिया गया है।
इस संबंध में मंत्रालय ने बिहार के परिवहन सचिव को पत्र भेजकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक, सारण जिले में 15 मार्च तक, समस्तीपुर में 20 मार्च तक और गया में 30 मार्च तक मैन्युअल तरीके से फिटनेस जांच की अनुमति रहेगी।
वहीं बेगूसराय, सिवान, कैमूर, मोतिहारी, मधुबनी, पूर्णिया, गोपालगंज, भोजपुर और मुजफ्फरपुर जिलों में 26 जुलाई तक मोटर वाहन निरीक्षकों को मैन्युअल जांच का अधिकार दिया गया है। इसके अलावा औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद और सहरसा में 31 अक्टूबर तक मैन्युअल फिटनेस जांच की छूट प्रदान की गई है।
दरअसल, बिहार के सभी जिलों में अब तक स्वचालित परीक्षण केंद्र पूरी तरह संचालित नहीं हो पाए हैं। इसी बीच मंत्रालय ने पहले एमवीआई द्वारा मैन्युअल जांच कर फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने पर रोक लगा दी थी, जिससे वाहन मालिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विभिन्न वाहन संगठनों ने इस मुद्दे पर सरकार को पत्र लिखकर राहत की मांग की थी।
भोजपुर जिला ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय यादव ने भी परिवहन विभाग और सड़क परिवहन मंत्रालय को पत्र भेजकर समस्या उठाई थी। अब मंत्रालय के ताजा निर्णय से वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।