रोहतास: शनिवार को रोहतास के नोखा में एनडीए का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया, लेकिन सम्मेलन के दौरान खाली कुर्सियों को देखकर जेडीयू सांसद लवली आनंद भड़क गईं। उन्होंने मंच से ही कार्यकर्ताओं को खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी और बिना भाषण दिए कार्यक्रम छोड़कर चली गईं।
कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ और समाप्ति तक, यानी लगभग 4 बजे तक, सभी वक्ता अपनी-अपनी बातें रखते रहे। चूंकि लवली आनंद मुख्य अतिथि थीं, उन्हें अंत में बोलना था। इस बीच, पंडाल के एक छोर पर कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिसके कारण अधिकांश कार्यकर्ता कुर्सियां छोड़कर भोजन करने चले गए।
जब लवली आनंद मंच पर पहुंचीं और उन्होंने खाली कुर्सियां देखीं, तो वह नाराज हो गईं। मंच से ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को फटकारते हुए कहा कि उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्य छोड़कर यहां आने का समय निकाला, लेकिन यहां की कुव्यवस्था ने उन्हें मायूस कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि नोखा में पहले कई बड़ी सभाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार की स्थिति उन्हें बहुत निराश करने वाली लगी।
लवली आनंद ने मंच से कहा, “हम लोग यहां कई काम छोड़कर आते हैं, और आप पहले खाना खिलाने का आयोजन करते हैं, फिर सम्मेलन रखते हैं। अगर आप पहले खाना खिलाते, तो कार्यक्रम बाद में रखते। आप 11:00 बजे सभी को बुलाते हैं, फिर 2:00 बजे मीटिंग शुरू करते हैं। कार्यक्रम का समय निर्धारित करें।”
उन्होंने आयोजकों से मांग की कि भविष्य में कार्यक्रमों का समय तय कर, व्यवस्थित तरीके से किया जाए ताकि किसी को भी असुविधा न हो।