कोलकाता: बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब पश्चिम बंगाल से एक और सियासी बवाल खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और उग्र टिप्पणी करने का आरोप लगा है।
महुआ मोइत्रा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कहती हैं,
“अगर भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाला कोई नहीं है, अगर रोजाना लाखों की संख्या में दूसरे देश के लोग घुसपैठ कर रहे हैं, हमारी मां-बहनों पर नजर डाल रहे हैं और जमीनें छीन रहे हैं, तो पहले अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।”
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर गृह मंत्रालय देश की सीमाओं की रक्षा नहीं कर पा रहा और खुद प्रधानमंत्री इस तरह की बात कह रहे हैं, तो जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने BSF पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि बांग्लादेश पहले दोस्त देश था, लेकिन हालात अब बदल चुके हैं।
भाजपा का तीखा हमला
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने महुआ मोइत्रा पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह बयान बंगाल की हिंसक राजनीति का उदाहरण है।
बीजेपी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए लिखा,
“जब महुआ मोइत्रा गृह मंत्री का सिर काटने की बात करती हैं, तो यह टीएमसी की निराशा और हिंसक मानसिकता को उजागर करता है, जो बंगाल की छवि को नुकसान पहुंचा रही है।”
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब बिहार में राहुल गांधी की यात्रा के दौरान एक व्यक्ति द्वारा पीएम मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर पहले ही राजनीतिक तनाव बना हुआ है। उस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन बयानबाज़ी थम नहीं रही।
टीएमसी की चुप्पी
फिलहाल महुआ मोइत्रा या तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन यह बयान आगामी दिनों में बंगाल और देश की राजनीति को और गर्मा सकता है।