स्टॉकहॉम: स्वीडन में 2023 में कुरान जलाने के विवाद में शामिल रहे व्यक्ति, सलवान मोमिका, की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस घटना ने स्वीडन और मध्य पूर्व के देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया था। कई मुस्लिम बहुल देशों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, गुरुवार को स्वीडन में मोमिका की हत्या की सूचना दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्टॉकहोम की अदालत गुरुवार को इस मामले पर फैसला सुनाने वाली थी कि क्या सलवान मोमिका जातीय घृणा भड़काने का दोषी था या नहीं। अदालत ने बताया कि प्रतिवादी में से एक की मौत हो गई है।
सलवान मोमिका कौन था?
सलवान मोमिका के जीवन के बारे में बहुत कम जानकारी उपलब्ध है, लेकिन कुछ तस्वीरों और वीडियो में उसे इराक में एक मिलिशिया नेता के रूप में दिखाया गया है। वह खुद को एक ईसाई मिलिशिया का प्रमुख बताता था, और उसका समूह इमाम अली ब्रिगेड का हिस्सा था, जिसे युद्ध अपराधों का आरोपी माना जाता है।
2017 में, मोमिका ने मोसुल के पास अपने सशस्त्र समूह का नेतृत्व किया। 2018 में, एक अन्य ईसाई मिलिशिया के नेता रेयान अल-कलदानी के साथ संघर्ष के बाद, वह इराक से भागकर स्वीडन आ गया।
क्या था पूरा मामला?
जून 2023 में, सलवान मोमिका ने ईद के दिन स्टॉकहोम की सबसे बड़ी मस्जिद के बाहर कुरान की एक प्रति पर पैर रखकर उसे आग लगा दी। यह घटना कैमरे में कैद हो गई थी। स्वीडिश अभियोक्ताओं ने मोमिका और एक अन्य व्यक्ति, सलवान नजीम, पर किसी जातीय या राष्ट्रीय समूह के खिलाफ आंदोलन करने का आरोप लगाया था। आरोप था कि दोनों ने चार मौकों पर कुरान जलाया और मुसलमानों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिसमें मस्जिद के बाहर की घटना भी शामिल थी।