सतना : भाजपा मंडल अध्यक्ष पर महिला से मारपीट का आरोप, CCTV फुटेज वायरल

Satna: BJP Mandal president accused of assaulting a woman; CCTV footage goes viral.

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से सत्ता के नशे और दबंगई से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। नागौद क्षेत्र में भाजपा के मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन पर एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट और बर्बरता करने के आरोप लगे हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी नेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

लोहे के सरियों के बीच महिला से की गई मारपीट
वायरल वीडियो और पीड़िता की शिकायत के अनुसार यह घटना देर रात की बताई जा रही है। आरोप है कि पुलकित टंडन जबरन महिला के घर के परिसर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज में लोहे के सरियों से भरे एक गोदामनुमा स्थान पर महिला के साथ की गई अभद्रता और मारपीट साफ नजर आ रही है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए न सिर्फ उसे पीटा, बल्कि मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया। महिला का आरोप है कि आरोपी अपने राजनीतिक पद का दबाव बनाकर लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, CCTV फुटेज जांच का आधार
घटना के बाद पीड़िता ने नागौद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता पुलकित टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। एएसपी प्रेम लाल कुर्वे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और पीड़िता के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

कांग्रेस का हमला, भाजपा ने जारी किया नोटिस
घटना सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए भाजपा को घेरा। वहीं बढ़ते राजनीतिक दबाव और जन आक्रोश के बीच भाजपा संगठन भी बैकफुट पर नजर आया। जिला भाजपा कार्यालय ने आरोपी मंडल अध्यक्ष को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment