जबलपुर (मध्य प्रदेश) – जबलपुर के खितौला इलाके में स्थित ‘ईएसएएफ स्मॉल फाइनेंस बैंक’ में सोमवार सुबह एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई। हथियारों से लैस लुटेरों ने महज 18 मिनट में बैंक से करीब 14.8 किलोग्राम सोना और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दी जानकारी
जबलपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बैंक पहुंचे थे और उन्होंने हेलमेट पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान छुपी रही। सुबह करीब 8:50 बजे बैंक में दाखिल होकर वे 9:08 बजे तक लूट की वारदात को अंजाम देकर निकल गए।
बैंक में नहीं था सुरक्षा गार्ड
चौंकाने वाली बात यह रही कि बैंक शाखा में कोई भी सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। घटना के समय बैंक में छह कर्मचारी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि लुटेरों ने खुलकर हथियार नहीं दिखाए, लेकिन एक आरोपी की बेल्ट में बंदूक रखी हुई थी।
पुलिस को देर से मिली जानकारी
एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बैंक कर्मियों ने घटना के करीब 45 मिनट बाद पुलिस को सूचित किया, जिससे आरोपियों को पकड़ने में देरी हुई। उन्होंने कहा, “अगर समय पर खबर दी जाती, तो उन्हें पकड़ा जा सकता था।”
त्योंहार का उठाया फायदा
सूत्रों के अनुसार, बैंक आमतौर पर सुबह 10:30 बजे खुलता है, लेकिन त्योहार के कारण उस दिन शाखा को सुबह 8:00 बजे ही खोल दिया गया था। लुटेरों ने इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
जांच जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। फुटेज में लुटेरे मोटरसाइकिल पर फरार होते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।