भागलपुर: भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड स्थित कैफेटेरिया में आयोजित प्रेस वार्ता में शाहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं का समाधान बताने के बजाय उनके मुद्दों के जरिए राजनीति कर रहे हैं।
पेपर लीक पर बोले शाहनवाज
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मामलों में सख्त कार्रवाई की है और संसद में इससे संबंधित कड़ा कानून भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और युवाओं की समस्याओं को राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।
मोदी को लेकर किया दावा
शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं के बीच सबसे लोकप्रिय नेताओं में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों की आवाज के नाम पर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
छात्र आंदोलन पर भी टिप्पणी
भाजपा नेता ने कहा कि छात्र आंदोलनों को राजनीतिक मंच में बदलना युवाओं के हित में नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मर्यादा तोड़ने वाले युवाओं को भी माफ किया और युवाओं को अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं।
कांग्रेस शासित राज्यों पर राहुल गांधी से सवाल
शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी से कांग्रेस शासित राज्यों में भर्ती परीक्षाओं और छात्रों की स्थिति पर भी जवाब देने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और उद्योगपतियों पर लगातार सवाल उठाते हैं, लेकिन युवाओं के लिए ठोस कार्ययोजना सामने नहीं रखते।
बांकीपुर चुनाव परिणाम पर भी बोले
प्रेस वार्ता के दौरान बांकीपुर चुनाव परिणाम को लेकर पूछे गए सवाल पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा जनादेश को सहजता से स्वीकार करती है और पार्टी इस परिणाम पर चिंतन करेगी। उन्होंने प्रशांत किशोर के पहली बार विधायक चुने जाने का भी उल्लेख किया।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भागलपुर की सभी विधानसभा सीटों पर NDA को जीत मिली थी और पार्टी आगे भी जनता के बीच मजबूती से काम करती रहेगी।
प्रेस वार्ता में ये नेता भी रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार, नभय चौधरी, नितेश सिंह, श्वेता सिंह, चंदन ठाकुर और अजय चौधरी समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।