तेहरान: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इजरायल को चेतावनी देते हुए तंज कसा कि ईरानी मिसाइलों से बचने के लिए उसके पास “अपने डैडी” यानी अमेरिका के पास भागने के अलावा कोई और रास्ता नहीं है।
शनिवार को दिए गए एक बयान में अराघची ने ट्रंप को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका वास्तव में ईरान से परमाणु समझौता चाहता है, तो ट्रंप को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के प्रति “अपमानजनक और अस्वीकार्य भाषा” का इस्तेमाल बंद करना होगा। अराघची ने चेताया, “ईरानी जनता धमकियों और अपमान को बर्दाश्त नहीं करती। अगर किसी भ्रम में गलती हुई, तो ईरान अपनी असली ताकत दिखाने से पीछे नहीं हटेगा।”
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में अमेरिकी हमलों के बाद ईरान और इजरायल के बीच संघर्षविराम लागू हुआ है, लेकिन तनावपूर्ण माहौल अभी भी बरकरार है।
गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि उन्होंने अयातुल्ला खामेनेई को “मारे जाने से बचाया था”, और इसके बदले उन्हें “कृतघ्नता” मिली। ट्रंप ने यह भी कहा था कि वे ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने पर विचार कर रहे थे, लेकिन ईरान के बयानों के चलते उन्हें यह प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
वहीं, ईरान ने ट्रंप के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि वह अमेरिका के साथ किसी भी तरह की परमाणु वार्ता फिर से शुरू करने का इरादा नहीं रखता।