श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सेना को बड़ी सफलता, वांछित आतंकी बागू खान ढेर

Srinagar: Army gets big success in Jammu and Kashmir, wanted terrorist Bagu Khan killed

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सुरक्षा बलों को शनिवार को एक बड़ी कामयाबी मिली। सेना ने उत्तरी कश्मीर के गुरेज सेक्टर के नैशेरा इलाके में एक भीषण मुठभेड़ के दौरान आतंक के पर्याय बने और लंबे समय से वांछित आतंकी बागू खान उर्फ ‘समंदर चाचा’ को मार गिराया। बागू खान, जो 1995 से पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से अपनी आतंकवादी गतिविधियों को चला रहा था, आतंकी संगठनों के बीच “ह्यूमन जीपीएस” के नाम से जाना जाता था।

रक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ उस समय हुई जब आतंकियों का एक दल घुसपैठ करने की कोशिश कर रहा था। इस ऑपरेशन में बागू खान के साथ एक और आतंकी भी ढेर किया गया।

बागू खान, जो पिछले तीन दशकों में 100 से अधिक घुसपैठ की कोशिशों में शामिल रहा था, गुरेज सेक्टर के पहाड़ी इलाकों और गुप्त मार्गों का विशेषज्ञ था। उसकी जानकारी के कारण, उसकी अगुवाई में अधिकांश घुसपैठ की कोशिशें सफल हो जाती थीं। यही कारण था कि वह आतंकी संगठनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण था।

वह मूल रूप से हिजबुल मुजाहिदीन का कमांडर था, लेकिन उसने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे अन्य आतंकवादी संगठनों के आतंकियों को भी कश्मीर घाटी में घुसपैठ कराने में मदद की।

बागू खान की मुठभेड़ में मौत को आतंकी संगठनों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि उसकी मौत से नियंत्रण रेखा (LoC) के इस हिस्से में आतंकी गतिविधियों की योजना और उनके क्रियान्वयन पर गहरा असर पड़ेगा।

यह कार्रवाई गुरुवार को हुई एक और मुठभेड़ के दो दिन बाद हुई है, जिसमें सेना ने गुरेज सेक्टर में दो घुसपैठियों को मार गिराया था। सीमा पार से लगातार घुसपैठ की कोशिशों के मद्देनजर पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की कड़ी निगरानी और सर्च ऑपरेशन जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment