बिहार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इस अभियान के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में लगातार बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को रोहतास जिले के डेहरी अनुमंडल क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार जब बुलडोजर के साथ सड़क पर उतरे तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे ठेला लगाकर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को हटाया गया। यह कार्रवाई आंबेडकर चौक से थाना चौक तक की गई, जहां सभी फुटपाथ दुकानदारों को हटाकर थाना चौक के समीप निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया गया।
प्रशासन को शिकायत मिली थी कि कुछ अस्थायी दुकानदार अपने सामने सब्जी विक्रेताओं के ठेले लगवाने के लिए पैसे वसूल रहे थे। इस मामले को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ऑटो और टोटो चालकों की सुविधा के लिए जल्द ही एक अलग ऑटो स्टैंड का निर्माण कराए जाने की योजना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुख्य बाजार से लेकर आंबेडकर चौक तक सड़क के दोनों ओर सामान बेचने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस क्षेत्र को नो वेंडर जोन घोषित किया गया है। सभी दुकानदारों से अपील की गई है कि वे केवल चिन्हित वेंडर जोन में ही अपने ठेले और खोमचे लगाएं, ताकि यातायात सुचारु रहे और आम लोगों को परेशानी न हो।