कानून व्यवस्था को लेकर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, राजद के ट्वीट से बढ़ा सियासी विवाद

Tejashwi Yadav attacks the government over law and order; RJD's tweet sparks political controversy

पटना— बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कमजोर मुख्यमंत्री करार दिया। इस बीच राजद की ओर से सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी ने सियासी माहौल और गरमा दिया है।

राजद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपने आधिकारिक हैंडल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पार्टी की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया, “संवैधानिक पद पर बैठकर महिलाओं के लिए अश्लील बातें करने वाला बिहार का बुड्ढा लड़का लोफर है।”

वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने खासतौर पर छोटी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि दरभंगा में बच्ची के साथ दुष्कर्म का एक और मामला सामने आ गया। उन्होंने कहा कि कई जिलों से इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि इन सभी मामलों को लेकर राजद लगातार सरकार से सवाल कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी इन मुद्दों को सदन में उठाया, लेकिन सरकार जवाब देने के बजाय जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से इस तरह की भाषा का प्रयोग जनता की नाराजगी को और बढ़ाता है।

राजद नेता ने कहा कि घटनाओं को रोकने और जवाबदेही तय करने के बजाय इस तरह की बयानबाजी किसी मुख्यमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देती। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व महिला मुख्यमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उम्र और सेहत को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ बीमारियां आती हैं और मुख्यमंत्री पहले भी इलाज के लिए विदेश जा चुके हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में मुख्यमंत्री का माइक बंद कराया जा रहा है।

इससे पहले तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए लिखा था कि डिमेंशिया और अल्जाइमर जैसी बीमारियों के प्रभाव से व्यक्ति मानसिक रूप से असंतुलित स्थिति में पहुंच सकता है। उन्होंने महिलाओं को लेकर मुख्यमंत्री की टिप्पणी को उनकी संकीर्ण और नकारात्मक सोच का उदाहरण बताया।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की इसी मानसिकता के कारण बिहार में प्रतिदिन बच्चियों, छात्राओं और महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment