पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव दोबारा पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी राजश्री यादव ने कोलकाता के एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। इस खुशखबरी की जानकारी तेजस्वी ने “जय हनुमान” कहकर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद बधाईयों का तांता लग गया।
यह लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के परिवार में पहले पोते का आगमन है। इससे पहले तेजस्वी और राजश्री की एक बेटी है।
ममता बनर्जी पहुंचीं अस्पताल, लालू-राबड़ी से की मुलाकात
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस खास मौके पर तेजस्वी यादव और उनके परिवार को बधाई देने अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने न सिर्फ नवजात को देखा, बल्कि लालू यादव और राबड़ी देवी से मिलकर उन्हें दादा-दादी बनने पर शुभकामनाएं भी दीं।
ममता बनर्जी ने कहा, “आज बहुत खुशी का दिन है। तेजस्वी को बेटा हुआ है, यह बच्चा सौभाग्य लेकर आया है। मेरी शुभकामनाएं हैं कि यह परिवार हमेशा खुशहाल रहे।”
राजश्री लंबे समय से कोलकाता में थीं
मुख्यमंत्री ममता ने बताया कि उन्हें पहले से पता था कि राजश्री यादव कोलकाता में हैं और कल रात तेजस्वी ने उन्हें मैसेज कर यह सूचना दी थी कि बच्चा होने वाला है। “मैंने वादा किया था कि मिलने आऊंगी, और आज मैंने वह निभाया। माँ और बेटा दोनों स्वस्थ हैं, यह देखकर बेहद संतोष हुआ,” उन्होंने कहा।
लालू परिवार में जश्न का माहौल
तेजस्वी यादव के दोबारा पिता बनने की खबर से लालू परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर समर्थकों और पार्टी नेताओं ने उन्हें जमकर बधाइयां दी हैं। कई बड़े नेताओं और शुभचिंतकों ने भी व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर शुभकामनाएं दीं।
ममता बनर्जी का एक्स पोस्ट
ममता बनर्जी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा –
“तेजस्वी यादव और राजश्री यादव के घर सुंदर बेटे के आगमन की खुशी में शामिल होकर बेहद खुशी हुई। माँ और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। तेजस्वी, लालू जी और पूरे परिवार को मेरी ओर से ढेरों बधाइयां और आशीर्वाद। यह बच्चा परिवार के लिए सौभाग्य और आशा का प्रतीक बने।”
तेजस्वी यादव के पिता बनने की यह खबर उनके निजी जीवन में नई शुरुआत का संकेत है और पूरे RJD समर्थक समुदाय में खुशियों का माहौल है।