भोरे/गोपालगंज: भरपटिया गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवविवाहिता की हत्या कर उसका शव गायब कर दिए जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। घटना के बाद से मृतका के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं, जबकि मायके पक्ष ने हत्या और साक्ष्य छुपाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के कर्णपुरा गांव निवासी लालाबाबू राजभर की पुत्री अनिमा कुमारी की शादी इसी वर्ष 23 मई को गोपालगंज जिले के भरपटिया गांव निवासी हीरामन राजभर से हुई थी।
शादी के महज डेढ़ महीने बाद अनिमा की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई और उसका शव भी गायब कर दिया गया।मृतका की मां ने बताया कि उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और शव को गायब कर दिया गया है। जब वे भरपटिया स्थित ससुराल पहुंचीं, तो घर पर ताला लगा मिला और सभी ससुरालवाले फरार थे।
इस मामले में मृतका की मां द्वारा हीरामन राजभर (पति) और उसकी मां के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने के आरोप में भोरे थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही अनिमा को प्रताड़ित किया जा रहा था और अंततः उसकी हत्या कर दी गई।भोरे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और भरपटिया गांव में छापेमारी की जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।