चिकित्सा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत SS Innovations द्वारा विकसित देश की पहली मोबाइल टेली-रोबोटिक सर्जरी यूनिट “SSI MantraM” बस 22 जून 2026 को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NSMCH), अमहरा, बिहटा पहुँची।
इस अवसर पर टेली-रोबोटिक सर्जरी विषय पर NSMCH, बिहटा और SSI Innovations के संयुक्त तत्वावधान में सामान्य शल्य चिकित्सा विभाग द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस बस को संस्थान में लाने का मुख्य उद्देश्य सर्जनों को रोबोटिक एवं टेली-सर्जरी का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना और मेडिकल छात्रों को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित, प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार सिन्हा, वरिष्ठ शल्य चिकित्सकों एवं अन्य चिकित्सकों के साथ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने बस में स्थापित टेली-रोबोटिक सर्जरी यूनिट का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा में भविष्य में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जो इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) उदय नारायण सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) प्रो. (डॉ.) अशोक शरण, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) बिंदु सिन्हा, विभागाध्यक्ष (सर्जरी) प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार अजय, विभागाध्यक्ष (ऑर्थोपेडिक्स) प्रो. (डॉ.) अजय कुमार मानव तथा विभागाध्यक्ष (प्रसूति एवं स्त्री रोग) प्रो. (डॉ.) विनीता सहाय ने कहा कि टेली-रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से देश-विदेश में बैठे वरिष्ठ शल्य चिकित्सक दूर से ही अस्पताल में भर्ती मरीजों का ऑपरेशन कर सकेंगे। इस तकनीक से मरीजों को कम लागत, कम दर्द, कम रक्तस्राव और तेजी से स्वस्थ होने जैसे कई लाभ मिलेंगे।
कार्यशाला के दौरान NSMCH, बिहटा के सर्जनों की टीम में डॉ. मनीष कुमार (एसोसिएट प्रोफेसर, जनरल सर्जरी), डॉ. निरुपम सिन्हा (असिस्टेंट प्रोफेसर, बैरिएट्रिक सर्जरी), डॉ. जान्हवी सिंह (असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रसूति विभाग), डॉ. निमिता, डॉ. स्वाति और डॉ. अभिषेक कुमार ने टेली-रोबोटिक सर्जरी सिस्टम पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण और डेमोंस्ट्रेशन में भाग लिया।
सर्जनों ने रोबोटिक सर्जरी की कार्यप्रणाली, इसकी उच्च सटीकता, टेली-सर्जरी की संभावनाओं और इसके व्यावहारिक उपयोग पर विस्तार से चर्चा की। कार्यशाला में SSI Innovations की ओर से एरिया सेल्स मैनेजर रोशन सिंह की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान मेडिकल छात्रों और फैकल्टी सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने इसे चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम बताया।