डीएम ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के निमित्त गठित सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारीयों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

The DM held a meeting with the nodal officers of all the cells constituted for the upcoming Bihar Assembly elections and issued necessary guidelines.
  • रिपोर्ट: सरफ़राज़ आलम

लखीसराय: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों के लिए गठित विभिन्न कोषांग के वरीय पदाधिकारियों, नोडल पदाधिकारियों एवं सहायक नोडल पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में निर्वाचन से संबंधित कार्यों को सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न कोषांगों की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश जारी किए।

सर्वप्रथम नोडल पदाधिकारी कार्मिक कोषांग द्वारा अब तक प्रविष्ट किए गए कर्मियों के डाटा के बारे में बताया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्य में लगने वाले कुल कर्मियों का आकलन कर पास के जिले से उपयोग होने वाले कर्मियों की संख्या का आकलन कर पूर्व तैयारी कर ले।

वाहन कोषांग को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। डिस्पैच सेंटर के अनुसार उपयोग होने वाले वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रशिक्षण कोषांग को मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति, प्रशिक्षण स्थल का चयन और मूलभूत सुविधाओं जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी तैयार करने पर बल दिया गया ताकि सभी कर्मियों को समयबद्ध प्रशिक्षण प्रदान किया जा सके।

जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा स्वीप (SVEEP) कोषांग को मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। खास करके पिछले विधानसभा चुनाव में सबसे कम 60 मतदान वाले मतदान केंद्रों को फोकस कर मतदाता जागरूकता हेतु कार्यक्रम करने का निर्देश दिया गया।

ए एम एफ कोषांग को मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसमें मतदान केंद्रों पर चारदीवारी, पहुंच पथ, चापाकल, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है। साथ ही, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान देने और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती पर चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सभी नोडल पदाधिकारियों ने अपने-अपने कोषांग की प्रगति और कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, बंदोबस्त पदाधिकारी मोo मुस्तकीम, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणी, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार,उप निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार,भूमि सुधार उपसमाहर्ता सीतु शर्मा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा लखीसराय शशि कुमार, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशांक कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद,निदेशक,जिला ग्राम विकास अधिकरण नीरज कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, खीर पदाधिकारी रवि कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम,कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस वंदना पांडे सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment