देश की सबसे तेज चलने वाली ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार पर एक लहंगे ने ब्रेक लगा दिया। उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुई इस घटना ने रेलवे अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। तेज हवा के चलते उड़ा हुआ एक लहंगा ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (OHE) पर फंस गया, जिसके कारण ट्रेन को करीब 20 मिनट तक रोका गया।
यह घटना तब हुई जब नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22436) सोमवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची और कुछ समय बाद प्रयागराज की ओर रवाना हुई।
ओएचई लाइन में फंसा लहंगा
जैसे ही ट्रेन शांति नगर क्रॉसिंग के पास पहुंची, तेज हवा में उड़ता हुआ लहंगा ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर के तारों में फंस गया और उसमें से धुआं उठने लगा। इसके बाद ट्रेन के चालक ने तुरंत ट्रेन को रोक दिया और कंट्रोल रूम को सूचना दी।
करीब 20 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
माना जा रहा है कि यह लहंगा किसी के घर की छत से उड़ा और तेज हवा में ओएचई लाइन में फंस गया। इसके बाद तारों में सुलगने लगा, जिससे ट्रेन को रोकना पड़ा। रेलवे के इलेक्ट्रिक स्टाफ ने लहंगे को हटाया और ओएचई लाइन की जांच की। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक रुकी रही। जांच के बाद ही ट्रेन को फिर से रवाना किया गया।
पूरी जांच के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया
कानपुर सेंट्रल के सीटीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक लाइन में कपड़ा फंसा हुआ था और जैसे ही ट्रेन के ड्राइवर की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत ट्रेन को रोक दिया। कपड़ा हटाने के बाद पूरी जांच की गई और इसके बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
शांति नगर क्रॉसिंग के आसपास बड़े-बड़े मकान हैं और यहां के लोग अपनी छतों पर कपड़े सुखाते हैं। इसलिए यह माना जा रहा है कि तेज हवा के कारण लहंगा उड़कर ओएचई लाइन में फंस गया।