छितौनी के श्रीमती नलिनी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज में सरस्वती पूजन एवं स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न, शिक्षाविद्-साहित्यकार व विशेषज्ञ हुए सम्मानित

बगहा। उत्तर प्रदेश–बिहार सीमावर्ती खड्डा (कुशीनगर) के नगर पंचायत छितौनी अंतर्गत पथलेश्वर नाथ नगर स्थित श्रीमती नलिनी देवी इंटरमीडिएट कॉलेज प्रांगण में सरस्वती पूजन एवं कॉलेज के स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता कॉलेज के संस्थापक, वाराणसी के प्रसिद्ध पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक डॉ. स्मिता त्रिपाठी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सरस्वती पूजा के साथ नृत्य, नाटक, लोकनृत्य एवं गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और पूरे परिसर में शैक्षिक-सांस्कृतिक वातावरण की शानदार झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले विद्वानों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं डीन, संजय प्रौद्योगिक कॉलेज मथुरा तथा अग्रसेन कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, गाजियाबाद के पूर्व निदेशक प्रो. (डॉ.) महेश्वर मिश्र को “अभिनव कणाद सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं संस्कृत साहित्य के अध्येता, कवि एवं धार्मिक ग्रंथों के आधुनिक व्याख्याकार, उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व अपर जिलाधिकारी एवं काशी के प्रशासक रहे डॉ. गायत्री प्रसाद पांडेय को “साहित्य भूषण सम्मान” प्रदान किया गया। दोनों विद्वानों को यह सम्मान संचालिका निधि मिश्रा द्वारा प्रदान किया गया।

समारोह में बिहार के बगहा से आए होमियो कैंसर सेवा के प्रख्यात कैंसर चिकित्सक डॉ. पदम भानु सिंह को भी पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में अतिथियों ने सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कॉलेज प्रबंधन के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है।

कॉलेज की प्रधानाचार्या अनुपमा मिश्रा एवं प्रबंधक डॉ. स्मिता त्रिपाठी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, आगंतुक अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. स्मिता त्रिपाठी ने कहा कि सरस्वती पूजन एवं स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था की उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति एवं भावी योजनाओं को साझा करने का अवसर मिलता है, जिससे एकता और विकास की भावना को बल मिलता है।

कार्यक्रम का समापन शिक्षाविद् डॉ. रविकेश मिश्र के समापन उद्बोधन एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. पदम भानु सिंह, प्रो. अरविंद नाथ तिवारी, विनय मिश्र, रमेश मिश्र, दिनेश मिश्र, डॉ. रिचिक त्रिपाठी, अनुपमा मिश्रा, अविनाश मिश्र, नवेंद्रु मिश्र, आशीष मिश्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment